JALAUN NEWS: जनपद जालौन के ग्राम रूरा सिरसा निवासी एक मजदूर ने अपने 30 वर्षीय पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गहरा संदेह जताया है। मृतक मिथुन उरई में परिवार समेत रहता था और बस में हेल्पर का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बीते 26 मई को वह ड्यूटी पर निकला था, लेकिन अगले दिन 27 मई को पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि उसका शव रिनिया फाटक रेलवे क्रॉसिंग पर मिला है और उसने आत्महत्या कर ली है।परिजनों का आरोप है कि बिना उनकी उपस्थिति या सहमति के पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के 13 वर्षीय पुत्र रवि का कहना है कि पुलिस ने उन्हें शव की तस्वीर तक नहीं लेने दी। परिजनों ने मिथुन की हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए गांव छिरिया खुर्द के कुछ लोगों के नाम लिए हैं और आरोप लगाया कि इन लोगों ने पुलिस की मिलीभगत से पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मृतक का मोबाइल फोन भी ले लिया।प्रार्थी द्वारा जब थाने में शिकायत दर्ज करानी चाही गई, तो पुलिस ने आवेदन लेने से भी मना कर दिया। अब पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।







