भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने इटवा में की पंचायत, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में खराब धान बीज और यूरिया खाद की भारी कमी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले इटवा के सिंचाई विभाग कॉलोनी परिसर में एक किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जहाँ किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पंचायत में बोलते हुए, यूनियन के मण्डल अध्यक्ष महेंद्र कुमार ने प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में यूरिया की कमी इसलिए है, क्योंकि इसे नेपाल में अवैध रूप से बेचा जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले के लिए एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी और ब्लॉक सचिवों को जिम्मेदार ठहराते हुए, इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। यूनियन के पूर्वांचल सचिव मोहम्मद सादिक और जिला प्रवक्ता लक्ष्मण चौधरी ने कृषि विभाग द्वारा किसानों को दिए गए धान के बीजों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि खराब बीज के कारण धान की बालियां समय से पहले ही निकल आईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।
पंचायत में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी समितियों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने और उसके वितरण में पारदर्शिता लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समय पर खाद न मिलने से फसल पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे किसान परेशान हैं।
इस किसान पंचायत में हरिश्चंद्र चौधरी, अरविंद शुक्ला, सूर्य प्रकाश सिंह, शब्लू खान, राम संवारे चौधरी सहित कई पदाधिकारी और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित थे।







