SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी मोहर्रम, कांवड़ यात्रा और श्रावण मेला को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार, 26 जून 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, उपजिलाधिकारियों, समस्त क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों और जनपद स्तरीय अधिकारियों को मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों द्वारा आयोजित पीस कमेटी की बैठकों में दी गई जानकारी पर संतोष व्यक्त किया और छोटी से छोटी बातों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने नगरपालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई, नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को भी साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराना समस्त प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है और वे इसका निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को मोहर्रम को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में किसी भी प्रकार की कठिनाई न आने देने का निर्देश दिया, और हिन्दू-मुस्लिम भाइयों से अमन और चैन से त्यौहार मनाने की अपील की। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मोहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों पर विद्युत तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई समस्या न हो। ताजिया की ऊंचाई कम रखने और डीजे/साउंड की आवाज मानक अनुसार रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा चालू रखने और कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाली मांस की दुकानों को हटवाने का निर्देश दिया गया। कांवड़ यात्रा हेतु जल भरने वाले स्थानों/नदियों के किनारे गोताखोर, नाव और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन रहेगा, जिसका कड़ाई से पालन किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने समस्त क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सकुशल पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने समस्त क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को पिछले पांच वर्ष के पुराने त्योहार रजिस्टर चेक करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं से अपील की कि वे गलत प्रवृत्ति के लोगों से किनारा करके आपस में प्रेम भाव से त्यौहार मनाएं।
कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने किया, जिन्होंने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु कुमार, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, अधिशासी अभियंता विद्युत, समस्त थानाध्यक्ष, एवं संभ्रांत नागरिक आदि उपस्थित रहे।







