PRATAPGARH NEWS: नगर पंचायत कोहंडौर स्थित इमैनीजेशन कॉन्वेंट स्कूल में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंजायमान हो गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या गुंजन तिवारी ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
प्रधानाचार्या ने मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में उनका मार्गदर्शन और सहयोग अत्यंत आवश्यक होता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को नई दिशा प्रदान की।







