Home उत्तर प्रदेश मेजारोड़ चौराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंदा,...

मेजारोड़ चौराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंदा, ट्रैक्टर चालक हुवा घायल

PRAYAGRAJ NEWS: मेजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेजारोड़ पुलिस चौकी में शुक्रवार शाम एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंद दिया। यह घटना मेजारोड बाजार में हुई, जिसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और राजमार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। मेजारोड पुलिस चौकी अंतर्गत यह घटना तब हुई जब ट्रैक्टर चालक स्वामीनाथ अपने वाहन में आई तकनीकी खराबी को ठीक कराने के लिए उसे एक दुकान के पास खड़ा किया था। बताया गया कि स्वामीनाथ पेचकस की मदद से ट्रैक्टर को स्टार्ट करने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान ट्रैक्टर गियर में होने के कारण अचानक आगे बढ़ गया। चालक स्वामीनाथ का उस पर से नियंत्रण छूट गया और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने खड़ी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक को घसीटते हुए ट्रैक्टर आगे बढ़ा, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। क्षतिग्रस्त बाइक बंधवा निवासी रामसागर की बताई जा रही है, जो अपनी बाइक खड़ी कर पास की दुकान से खरीदारी कर रहे थे। इस घटना में ट्रैक्टर चालक स्वामीनाथ भी ट्रैक्टर से गिरकर घायल हो गए। उनका बायां पैर टूट गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाजार में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़कर ट्रैक्टर पर चढ़कर ब्रेक लगाकर उसे नियंत्रित किया। सूचना मिलने पर मेजारोड चौकी प्रभारी हरिओम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।