Home उत्तर प्रदेश मुहर्रम और सावन की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने किया पैदल गश्त

मुहर्रम और सावन की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने किया पैदल गश्त

KUSHINAGAR NEWS: आगामी त्यौहार मोहर्रम और श्रावण मास के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिद्धार्थनगर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को दिनांक 03.07.2025 को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जिले के विभिन्न संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले थाना क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त किया। यह पैदल गश्त शोहरतगढ़, बढ़नी बाजार, इटवा और डुमरियागंज थाना क्षेत्रों में आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, संबंधित क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। गश्त के दौरान, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कस्बों और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में व्यापारियों, संभ्रांत व्यक्तियों और आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने सभी को सुरक्षा का एहसास कराते हुए आगामी त्यौहार मोहर्रम और श्रावण मास को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। इस पहल का उद्देश्य जनता के बीच विश्वास स्थापित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।