SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभागों की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 3,96,602 छात्र-छात्राओं को 89.96 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके आधार लिंक खातों में हस्तांतरित की गई। जनपद स्तर पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम सभी तहसीलों में जनप्रतिनिधियों और मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार, नौगढ़ में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए। तहसील बांसी में विधायक जय प्रताप सिंह, शोहरतगढ़ में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित यादव व नगर पंचायत चेयरमैन उमा अग्रवाल, इटवा में विधायक माता प्रसाद पांडेय तथा डुमरियागंज में राजकीय इंटर कॉलेज परसा जमाल के प्राचार्य अभिषेक कुमार द्वारा छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जिले के पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत कुल 7,915 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया। इनमें सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थी शामिल रहे। शेष पात्र छात्रों के खातों में धनराशि शासन द्वारा तय समय-सारणी के अनुसार अगले चरणों में भेजी जाएगी। अधिकारियों ने अपील की कि सभी छात्र-छात्राएं अपना आधार कार्ड अपने बैंक खाते से एनपीसीआई के माध्यम से लिंक करा लें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का लेन-देन असफल न हो। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







