Home उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री की जनसभा में गया युवक लापता, तीन दिन से तलाश में...

मुख्यमंत्री की जनसभा में गया युवक लापता, तीन दिन से तलाश में जुटे परिजन

FATEHPUR NEWS: जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के भरसा गांव निवासी एक 25 वर्षीय युवक मुख्यमंत्री की जनसभा में शामिल होने के बाद से लापता है। घटना के तीन दिन बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार ने पुलिस से युवक की जल्द तलाश किए जाने की मांग की है। परिजनों के मुताबिक भरसा गांव निवासी अजय परिहार (25) पुत्र बाबू सिंह परिहार विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल द्वारा उपलब्ध कराई गई बस से मुख्यमंत्री की जनसभा में शामिल होने के लिए शहर गया था। जनसभा समाप्त होने के बाद अन्य लोग अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन अजय वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने चांदपुर थाना पुलिस को सूचना देकर युवक की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए खोजबीन की मांग की। युवक के अचानक लापता होने से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के बाद युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।