Home उत्तर प्रदेश मुकदमा दर्ज न होने पर भड़के परिजन, हाईवे रहा चार घंटे जाम

मुकदमा दर्ज न होने पर भड़के परिजन, हाईवे रहा चार घंटे जाम

युवक की मौत पर हत्या का आरोप, सीसीटीवी के बाद भी नहीं माने परिजन
FATEHPUR NEWS:  थाना हुसैनगंज क्षेत्र के सात मील नहर पुल पर हुए सड़क हादसे के बाद मुकदमा दर्ज न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने फतेहपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतक की मां रामकली ने कहा कि उनका बेटा मोटरसाइकिल तक नहीं चला पाता था, ऐसे में ट्रैक्टर चलाना संभव नहीं है। वहीं पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में युवक खुद ट्रैक्टर चलाते हुए नजर आया, लेकिन इसके बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम जारी रखा। बताया जा रहा है कि मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता राजपाल पासवान मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी मृतक पर ही थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के कारण सात मील से डलमऊ और दूसरी ओर चौफेरवा-एनटीपीसी तक करीब 10-10 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। स्थिति को संभालने के लिए महिला पुलिस बल भी बुलाया गया। महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और समझाने का प्रयास किया। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी वीर सिंह और नायब तहसीलदार अमृत प्रभात भी मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे तक चली वार्ता के बाद परिजनों ने ट्रैक्टर मालिक पर मुकदमा दर्ज करने, दो बहनों की शादी के लिए आर्थिक सहायता, दो लाख रुपये मुआवजा और सरकारी आवास की मांग रखी। सीओ वीर सिंह के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।