स्कूल, कॉलेज और बाजारों में महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
एंटीरोमियो टीमों ने बांटे पम्पलेट, आत्मरक्षा के बताए उपाय
KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के तहत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा स्कूल, कॉलेज, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत सभी थानों की _एंटीरोमियो टीमों_ ने बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्य और लाभों के बारे में जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसमें _महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930_ तथा _cybercrime.gov.in_ पोर्टल शामिल हैं। प्रतिभागियों को इन सेवाओं का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी थानों पर नियुक्त एंटी रोमियो टीम द्वारा महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया गया। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।







