Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति’ व साइबर सुरक्षा पर ज्ञान: पं. बाबूराम शुक्ल इंटर कॉलेज...

मिशन शक्ति’ व साइबर सुरक्षा पर ज्ञान: पं. बाबूराम शुक्ल इंटर कॉलेज में जागरुकता कार्यक्रम

SIDHARTHNAGAR NEWS: ब्लॉक बढ़नी के तुलसियापुर चौराहे स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को साइबर अपराध और मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन खतरों से बचने और उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।bढेबरुआ थाने से आए उपनिरीक्षक जय प्रकाश और कांस्टेबल मोहित कुमार पुण्डीर ने छात्रों को साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने फिशिंग, हैकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी आईडी, साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचने के उपाय बताए। साथ ही विद्यार्थियों को तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के संतोषजनक जवाब भी दिए। कार्यक्रम में महिला आरक्षी श्रद्धा त्रिपाठी ने मिशन शक्ति अभियान पर जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि विद्यालय आते-जाते समय कोई शोहदा या अराजकतत्व उन्हें परेशान करता है, तो उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्राएं इसकी शिकायत स्कूल और घर में करें, और यदि कोई हल न निकले तो तुरंत पुलिस की मदद लें। आरक्षी ने बताया कि अब जिले में किसी भी आरोपी का हुलिया बताकर उसका स्केच बनवाने की सुविधा उपलब्ध हो गई है, जिससे शोहदों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करना आसान हो गया है।
प्रधानाचार्य रवि शुक्ल ने बताया कि छात्रों और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सभी हेल्पलाइन नंबरों की व्यवस्था की गई है और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर और नजदीकी पुलिस स्टेशन के सीयूजी नंबर हमेशा अपने पास लिखकर रखने की सलाह दी। इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम में आरक्षी हिमांशु सिंह, बृजेश कुमार व रमेश यादव, तथा शिक्षकगण धन्नजय पाठक, आशाराम यादव, सीतू गुप्ता, शिवानी तिवारी, रंजना तिवारी, रेखा गुप्ता, जितेन्द्र शुक्ल, प्रदीप मौर्य, मलिक मोहम्मद अकरम और सुनील यादव आदि मौजूद रहे।