JAUNPUR NEWS: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को केंद्र में रखकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के द्वितीय चरण के तहत जौनपुर पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीमों ने शहर से लेकर कस्बों तक सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई। अभियान के दौरान शक्ति मोबाइल टीमों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर महिलाओं को सुरक्षा उपायों, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। टीमों ने खास तौर पर साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नई आपराधिक संहिताओं—भारतीय न्याय संहिता व भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता—के प्रावधानों की जानकारी साझा की। महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति में तुरंत सतर्क रहने की सलाह दी। सार्वजनिक स्थलों पर छेड़खानी जैसी घटनाओं से न घबराने और तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के तहत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल इनका उपयोग करने की अपील की गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए भी जागरूक किया और उनसे अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिलेभर में चलाया गया यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास का संदेश देने में अहम साबित हो रहा है।







