FATEHPUR NEWS: मिशन शक्ति 5.0 के फेज-2 के तहत बुधवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराधों की शिकायत के लिए साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।







