FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी। अभियान के तहत मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके कानूनी अधिकारों तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा ऑनलाइन शिकायत पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करें। पुलिस विभाग ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत आगे भी जनपद भर में जागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे।







