FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत रविवार को पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम व एण्टीरोमियो टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टीमों ने जिले के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल–कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस टीमों ने पम्पलेट वितरित करते हुए सरकार और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने मोबाइल फोन में इमरजेंसी कॉल और पैनिक बटन के उपयोग का डेमो देकर बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तुरंत इन सेवाओं का उपयोग कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं व बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें।







