सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को जिलेभर में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपायों तथा किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहने की अपील की। इसके साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद किया गया। पुलिस टीमों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए आवश्यक जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया गया। जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साइबर अपराध की स्थिति में पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के तरीके के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीमों ने लोगों से अपील की कि किसी भी महिला या बालिका के साथ अपराध, उत्पीड़न अथवा छेड़छाड़ की घटना सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस के अनुसार महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े अभियान लगातार जारी रहेंगे।







