FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इस क्रम में वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मोबाइल पैनिक बटन का प्रयोग कर डेमो, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में विस्तार से समझाया गया। जागरूकता के लिए पंपलेट वितरित किए गए और महिलाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान से जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है और पुलिस–जनसहयोग को मजबूती मिली है। फतेहपुर पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी.







