ETAWA NEWS: मिशन शक्ति अभियान के तहत बढ़पुरा थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों व पंचायत भवनों में गोष्ठियों का आयोजन कर छात्र-छात्राओं व ग्रामीण महिलाओं को महिला सुरक्षा एवं पुलिस सहायता के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी के.के. मिश्रा के नेतृत्व में ग्राम बढ़पुरा स्थित पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और पुलिस की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसी क्रम में ग्राम मदायन के प्राथमिक विद्यालय और ग्राम कुंडेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज में भी जागरूकता गोष्ठी हुई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर गांव में जागरण अभियान चलाया और महिला सुरक्षा का संदेश दिया। थाना प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है, जहां चौबीस घंटे महिला संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस हमेशा उपलब्ध है। इस मौके पर ग्राम प्रधान, अध्यापकगण व पुलिस बल मौजूद रहा।







