JAUNPUR NEWS: थाना केराकत पुलिस ने युवक की मौत से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार वादी विनोद कुमार पुत्र सामू राम निवासी ग्राम नाउपुर थाना केराकत, जनपद जौनपुर ने तहरीर देकर बताया कि 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे उनके भाई राजेश कुमार के साथ गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। बताया गया कि मारपीट से बचने के लिए राजेश कुमार खेत में ट्यूबवेल की ओर भागे, जहां पीछे दौड़े लोगों के बीच धक्का-मुक्की के दौरान वह कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वादी की तहरीर के आधार पर थाना केराकत में धारा 191(2), 191(3), 115(2) व 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बराई गेट के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजकुमार पुत्र रिबई राम (55 वर्ष) तथा दिलीप उर्फ दीपू उर्फ दिल्पू पुत्र रिबई राम (36 वर्ष) निवासीगण ग्राम नाउपुर थाना केराकत जनपद जौनपुर शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह और हेड कांस्टेबल राकेश कुमार सिंह थाना केराकत जौनपुर शामिल रहे।







