Home उत्तर प्रदेश मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती पर विचार गोष्ठी, दी गई श्रद्धांजलि

मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती पर विचार गोष्ठी, दी गई श्रद्धांजलि

LUCKNOW NEWS: बहुजन नायक और सामाजिक न्याय के योद्धा कांशीराम की 92वीं जयंती पर रविवार को चिनहट स्थित रविदास मंदिर में चिनहट प्रथम वार्ड की ओर से श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ समाजवादी नेता यादवेंद्र प्रताप सिंह “गब्बर” तथा समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के लखनऊ जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा के सौजन्य से किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मान्यवर कांशीराम की पुण्य स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कांशीराम जी ने बहुजन समाज के उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया और सामाजिक न्याय के लिए मजबूत आंदोलन खड़ा किया। वहीं सपा नेता डी.पी. यादव ने कहा कि कांशीराम जी का सामाजिक न्याय का सपना अभी अधूरा है, जिसे अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजक सपा नेता यादवेंद्र प्रताप सिंह “गब्बर” ने कहा कि कांशीराम जी ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए बहुजन समाज को जागृत करने का काम किया। अब समाज का कर्तव्य है कि उनके सिद्धांतों और संघर्षों को याद रखते हुए उनके सपनों को साकार किया जाए। गोष्ठी में वरिष्ठ समाजसेवी लालाराम, जितेन्द्र यादव, चिनहट द्वितीय वार्ड अध्यक्ष शुभम यादव, सोशलिस्ट लीडर रामेंद्र यादव, सूरज यादव और डॉ. मनोहर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में लोहिया वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कांशीराम जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। गोष्ठी का संचालन सपा नेता व प्रवक्ता डी.पी. यादव ने किया।