Home उत्तर प्रदेश मानिकपुर में खनन परियोजना को लेकर लोक–सुनवाई, ग्रामीणों ने उठाए पर्यावरण व...

मानिकपुर में खनन परियोजना को लेकर लोक–सुनवाई, ग्रामीणों ने उठाए पर्यावरण व परिवहन से जुड़े सवाल

MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) लालगंज तहसील के ग्राम मानिकपुर स्थित गाटा संख्या-3 (ख) में प्रस्तावित Aksa Mining and Crushing Private Limited की खनन परियोजना के संबंध में शनिवार को राजस्व विभाग एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) की संयुक्त टीम ने लोक–सुनवाई आयोजित की। यह सुनवाई पर्यावरणीय अनुमति (Environmental Clearance – EC) की अनिवार्य प्रक्रिया के तहत दिशा-निर्देश संख्या 1533 (14.09.2006) व संशोधन 3067 (01.12.2009) के अनुसार सम्पन्न कराई गई। बैठक में परियोजना स्वामी एवं कंपनी के निदेशक मोहम्मद साजिद अनीस की ओर से 3.143 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली प्रस्तावित खनन परियोजना का तकनीकी विवरण, संभावित पर्यावरणीय प्रभाव, धूल-नियंत्रण प्रणाली, जल संरक्षण योजना, हरित आवरण प्रस्ताव तथा परिवहन प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने धूल प्रदूषण, सड़क पर बढ़ते ट्रकों के आवागमन, जल स्रोतों की सुरक्षा और स्थानीय रोजगार से जुड़े सवाल उठाए। अधिकारियों ने सभी सुझाव, आपत्तियाँ एवं शंकाएँ विधिवत अभिलेखित कर आश्वासन दिया कि इन्हें EC प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। लोक–सुनवाई शांतिपूर्ण व पारदर्शी माहौल में सम्पन्न हुई। अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए बैठक समाप्त की। सुनवाई में मुख्य राजस्व अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, लेखपाल कन्हैया लाल, ग्राम प्रधान अमर बहादुर, UPPCB के क्षेत्रीय अधिकारी तथा बोर्ड के कर्मचारी अभय ठाकुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर गांव के सम्मानित निवासी  राजेंद्र कुमार, श्यामजी, अनिल कुमार, सुरेश कुमार, आदिल आलम, जितेन्द्र श्रीवास्तव और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।