जरूरतमंदों तक पहुंचकर संस्था ने पेश की मानवता की मिसाल, अब तक 10वीं बार दी एक्सीडेंटल मदद
FATEHPUR NEWS: मानवता परिवार ने सेवा, सहयोग, समर्पण और पारदर्शिता की भावना को साकार करते हुए एक्सीडेंट में घायल जरूरतमंदों को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान कर एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। संस्था द्वारा जनपद के हथगाम क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर निवासी एवं पंचायती राज विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह को उनके इलाज हेतु ₹28,230 की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं किसान उमाशंकर को ₹15,530 की आर्थिक मदद दी गई। इस प्रकार टीम ने कुल ₹43,760 की सहायता राशि लाभार्थियों के निवास पर पहुंचकर ससम्मान भेंट की। यह मानवता परिवार द्वारा एक्सीडेंटल इलाज के लिए दी गई दसवीं सहायता है। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने दोनों लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु, प्रयागराज मंडल प्रभारी अभिलाष, नगर प्रभारी जितेंद्र कुमार, असोथर ब्लॉक प्रभारी पंकज कुमार, नगर ब्लॉक प्रभारी जितेंद्र, संदीप, अनुराग, रामनरेश एवं रामगुलाम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मानवता परिवार लगातार जरूरतमंदों और पीड़ितों तक पहुंचकर सहायता प्रदान कर रहा है। संस्था इससे पूर्व भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में एक्सीडेंट पीड़ितों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे व्यक्तियों और मृतक आश्रितों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुकी है, जिससे संगठन के प्रति जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।







