Home उत्तर प्रदेश मानदेय वृद्धि समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर पंचायत सहायकों का प्रदर्शन

मानदेय वृद्धि समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर पंचायत सहायकों का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा सहित छह सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के संचालन, प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मात्र छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है। ज्ञापन में पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली लागू करने की भी मांग उठाई गई। यूनियन ने ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी के रिक्त पदों पर होने वाली भर्तियों में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, विवाह के बाद महिला पंचायत सहायकों के स्थानांतरण एवं समायोजन की स्पष्ट नीति बनाने तथा पंचायत सहायकों एवं उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदान करने की मांग भी की है। पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत सहायकों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेशभर के पंचायत सहायक 15 जून 2026 को लखनऊ स्थित ईको गार्डन में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय, जिला महामंत्री नकुल कुमार यादव सहित यूनियन के कई पदाधिकारी और पंचायत सहायक मौजूद रहे।