Home उत्तर प्रदेश महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान

महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान

JAUNPUR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जनपद जौनपुर में वृहद जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा गांवों, कस्बों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बस स्टैण्डों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा आयोजित चौपालों में महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु संवाद स्थापित किया जा रहा है। साथ ही ‘शक्ति दीदी’ के रूप में पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें सुरक्षित व सशक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 — की जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करते हुए पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग का यह सतत प्रयास महिलाओं एवं बालिकाओं को न केवल सजग और जागरूक बना रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर व सुरक्षित समाज की दिशा में अग्रसर भी कर रहा है।