KAUSHAMBI NEWS: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में ‘फिट इंडिया महिला सप्ताह 2026 (स्मिता लीग)’ के अंतर्गत महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की करीब 40 बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मंझनपुर वीरेंद्र फौजी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सुषमा सरोज ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने विजेता बालिका खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उपक्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन से बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में पूजा ने प्रथम, चांदनी ने द्वितीय और अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में खुशबू ने प्रथम, संजना ने द्वितीय और मुस्कान ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 400 मीटर दौड़ में माया ने प्रथम, पूजा ने द्वितीय और कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर अरविंद मौर्य, मनोज, विपिन, संदीप कुमार, प्रवेश कुमार मनोज और रमन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अरविंद मौर्य ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की जानकारी उप क्रीड़ा अधिकारी द्वारा दी गई।







