FATEHPUR NEWS: महिला की मौत के बाद विवादों में आए किशनपुर रोड स्थित शोभावती हॉस्पिटल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद सीज कर दिया। रेलवे अंडरपास के समीप बेसमेंट में संचालित अस्पताल में मंगलवार शाम उपचार के दौरान 26 वर्षीय रेनू देवी की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हरदो के अधीक्षक राजेश कुमार की मौजूदगी में अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल के संचालन में कई खामियां सामने आने की बात कही गई। अस्पताल बेसमेंट में संचालित होने के साथ ही निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद टीम ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। मृतका के पति महेश कुमार निवासी बरैची ने आरोप लगाया था कि अस्पताल में अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उनकी पत्नी की मौत हुई। घटना के बाद परिजनों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया अस्पताल का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया है। मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।








