Home उत्तर प्रदेश महंगी शिक्षा के दौर में राहत बनी धनकामई ग्राम पंचायत की डिजिटल...

महंगी शिक्षा के दौर में राहत बनी धनकामई ग्राम पंचायत की डिजिटल लाइब्रेरी

पंचायत घर में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं, ग्राम प्रधान की पहल को मिल रही सराहना
FATEHPUR NEWS: महंगी होती शिक्षा और कोचिंग संस्थानों के बढ़ते खर्च के बीच ऐरायां विकास खण्ड के धनकामई ग्राम पंचायत में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। पंचायत घर में संचालित इस लाइब्रेरी का लाभ पंचायत के बड़ी संख्या में प्रतिभागी अभ्यर्थी उठा रहे हैं। डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर की सुविधा के साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। यहां सामान्य ज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पुलिस भर्ती परीक्षा, लेखपाल भर्ती परीक्षा, बैंकिंग, शिक्षक भर्ती, ग्रामीण डाक सेवक भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें और अध्ययन सामग्री मौजूद हैं। सुबह और शाम के समय छात्र-छात्राएं लाइब्रेरी पहुंचकर शांत वातावरण में अध्ययन करते हैं। लाइब्रेरी में बिजली, पेयजल, पंखे और बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिल रहा है। गांव के ही रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता तथा पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल पाल मास्टर साहब के मार्गदर्शन में बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी मिल रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान कमलेश देवी की इस सराहनीय पहल से गांव और आसपास के जरूरतमंद विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिल रहा है। पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि शासन की ओर से अब तक डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कोई पुस्तक या अध्ययन सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान कमलेश देवी, पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल पाल और उनके पुत्र आलोक पाल (शिक्षक) के सहयोग से विभिन्न विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें एवं पठन-पाठन सामग्री जुटाई गई है। स्थानीय छात्र-छात्राओं का कहना है कि डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलने से उन्हें महंगी कोचिंग और पुस्तकालयों पर होने वाले खर्च से काफी राहत मिली है। कंप्यूटर और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से वे बेहतर तरीके से अपनी तैयारी कर पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए धनकामई ग्राम पंचायत की यह डिजिटल लाइब्रेरी एक प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आई है।