Home उत्तर प्रदेश महंगाई-भ्रष्टाचार पर सपा का ‘महा-मोर्चा’ राज्यपाल को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर सरकार...

महंगाई-भ्रष्टाचार पर सपा का ‘महा-मोर्चा’ राज्यपाल को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर सरकार को घेरा

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में लगभग दो हजार कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और आरोपों को रखा। इस दौरान प्रदर्शन में एक दिलचस्प वाकया भी हुआ, जब भीड़ में धक्का लगने से राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य इंद्रासना त्रिपाठी भड़क गईं। उन्होंने लोगों को फटकार लगानी शुरू कर दी, जिसके बाद माता प्रसाद पाण्डेय ने हस्तक्षेप कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को संभाला।
सपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। इसमें किसानों को खाद न मिलने, बिजली की बढ़ी दरों और अत्यधिक कटौती को लेकर जनता में व्याप्त रोष को दर्शाया गया है। पार्टी ने प्रदेश में बढ़ती डकैती, बलात्कार और लूट की घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके अलावा, तहसीलों में विरासत के काम में अवैध वसूली, जल जीवन मिशन के बाद सड़कों की मरम्मत न होने और नगर निकायों में जल भराव जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया गया। सपा ने धर्मांतरण के नाम पर फर्जी मुकदमे, पुलिस थानों में फर्जी मुकदमों के जरिए धन उगाही और पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो सपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। यह प्रदर्शन शांतिपूर्वक ढंग से समाप्त हुआ, जिसमें अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा गया।