Home उत्तर प्रदेश मनरेगा भुगतान में अनियमितता का आरोप, प्रधान संगठन ने दिया शिकायती पत्र

मनरेगा भुगतान में अनियमितता का आरोप, प्रधान संगठन ने दिया शिकायती पत्र

FATEHPUR NEWS:  पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के हथगाम अध्यक्ष प्रधान बलराम पाल के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर विकास खंड हथगाम में मनरेगा योजना के अंतर्गत सामग्री भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाया। प्रधानों ने बताया कि विकास खंड हथगाम में मनरेगा योजना के अंतर्गत सामग्री मद में ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा हाल ही में 13 मार्च 2026 को उपलब्ध कराई गई धनराशि का भुगतान शासनादेश के अनुरूप नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि शासनादेश में स्पष्ट उल्लेख है कि पिछले वित्तीय वर्षों के लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत वर्ष 2025-26 के नए वित्तीय वर्ष में कराए गए कार्यों का भुगतान पहले कर दिया गया। प्रधानों का आरोप है कि यह भुगतान ठेकेदारों द्वारा कराए गए कार्यों की मोटी रकम का है, जबकि पुराने कार्यों का भुगतान अब तक लंबित है। प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेकर लंबित भुगतान जल्द कराया जाए तथा अनियमितता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान संतोष कुमार, राजकरण, विष्णु यादव, रामदीन, शोभा देवी, नदीम उद्दीन पप्पू, राजकुमारी, रामचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।