Home उत्तर प्रदेश मंदिर के बाहर बैठे बुजुर्ग की अचानक  बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर में किया...

मंदिर के बाहर बैठे बुजुर्ग की अचानक  बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर में किया मृत घोषित

AURAIYA NEWS: बेला थाना क्षेत्र के कस्बे में कानपुर रोड स्थित एक मंदिर के बाहर एक अज्ञात बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। सोमवार सुबह एक बुजुर्ग मंदिर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान उसे अचानक उल्टी हुई और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में उसे लगातार हिचकियां आने लगीं। आसपास मौजूद दुकानदारों ने तत्काल उसे पानी पिलाया और एंबुलेंस को सूचना दी। इस दौरान लोगों ने उसका नाम और पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थे। एंबुलेंस से बुजुर्ग को सीएचसी बेला ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. स्वास्तिका शर्मा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर बेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक की फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद करीब 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की शर्ट की जेब से दवा का एक पत्ता मिला है। वहीं शर्ट पर नीले पेन से “गौतम कानपुर देहात” लिखा हुआ था। उसके पास एक लाठी और गले में गमछा भी मिला है। पुलिस इन्हीं सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात बुजुर्ग की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।