Home उत्तर प्रदेश ‘भूत ने कहा गेट खोलो’, लैंडिंग से पहले 500 फीट ऊपर विमान...

‘भूत ने कहा गेट खोलो’, लैंडिंग से पहले 500 फीट ऊपर विमान का इमरजेंसी गेट खोलने लगा शख्स

11
0

वाराणसी: इंडिगो की फ्लाइट बेंगलुरु से वाराणसी पहुंची और शनिवार देर रात लैंड कर रही थी, तभी एक युवक इमरजेंसी का गेट खोलने लगा। युवक की इस हरकत से अन्य यात्रियों की जान जोखिम में आ गई। युवक की इस हरकत की वजह से विमान को फिर से हवा में उड़ाना पड़ा और दोबारा लैंडिंग करवाई गई।

बताया जा रहा है कि विमान जमीन से महज 500 फीट की ऊंचाई पर था और वह लैंड करने वाला था, तभी युवक ने ये हरकत की। युवक को एयरलाइंस के सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया और मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

आरोपी मोहम्मद अदनान मऊ का रहने वाला है

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:15 बजे इंडिगों की फ्लाइट 6E-185 बेंगलुरु से वाराणसी के लिए उड़ान भरी। इस फ्लाइट में उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद अदनान सवार था। सफर के 15 मिनट के बाद ही युवक ने पहली बार इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़ की, लेकिन तब क्रू ने उसे समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद वह अपनी सीट पर बैठा रहा।

दोबारा सुरक्षित विमान हुआ लैंड

वाराणसी एयरपोर्ट पर जब विमान लैंड करने वाला था, तभी रात करीब 10:20 बजे युवक अदनान फिर इमरजेंसी एग्जिट गेट का बटन दबाने की कोशिश करने लगा। क्रू मेंबर ने इसकी पायलट को दी। सूझबूझ दिखाते हुए पायलट विमान को वापस हवा में ले गया। दोबारा करीब रात 10:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

वहीं, पकड़े गए आरोपी मोहम्मद अदनान से पूछताछ की गई तो उसने कहा कि उसे नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों किया। उसके ऊपर भूत का साया है और भूत ने उससे ऐसा कराया। भूत ने कहा गेट खोलो। उसने बताया कि वह गोवा घूमने गया था और वहां से लौट रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे नहीं पता था कि एक बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है। पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।