बच्चों का कराया अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर वितरित किया पोषाहार
FATEHPUR NEWS: विकास खंड भिटौरा परिसर में मंगलवार को आयोजित जन कल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं गोष्ठी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उन्होंने लाभार्थियों से संवाद भी किया। शिविर में कृषि, शिक्षा, उद्योग, उद्यान, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास, सिंचाई, विद्युत, पशुपालन, रेशम, बैंक एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए थे। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान अन्नू श्रीवास्तव ने बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया। वहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषाहार की पोटली भी प्रदान की। इस अवसर पर विभिन्न जन कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन एवं डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने ब्लॉक परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चल रहे “समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की पहल “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कुलदीप भदौरिया, रामप्रकाश गुप्ता, जितेंद्र सिंह सेंगर, खंड विकास अधिकारी भिटौरा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।







