Home उत्तर प्रदेश भारी बारिश में जर्जर स्कूल भवन का हिस्सा ढहा, कोई जनहानि नहीं

भारी बारिश में जर्जर स्कूल भवन का हिस्सा ढहा, कोई जनहानि नहीं

FATEHPUR NEWS: शिक्षा क्षेत्र ऐरायां के प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर भादर प्रथम में वर्ष 1970 में निर्मित एक पुराने जर्जर भवन का हिस्सा भारी बारिश के चलते एक सितंबर को आंशिक रूप से ढह गया था। हालांकि भवन को पहले से निष्प्रयोज्य घोषित कर बंद कर दिया गया था, जिससे कोई जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। मामले की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी ऐरायां ने दो सितंबर को विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जांच में सामने आया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पूर्व निर्देशों के क्रम में उक्त जर्जर भवन को नीलामी प्रक्रिया के बाद ग्राम पंचायत द्वारा ध्वस्त कराया जाना था। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन को गिराने का कार्य लंबित था। साथ ही बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रधानाध्यापक रमेश चन्द्र और ग्राम प्रधान/प्रशासक द्वारा भवन पर पहले ही ताला लगाकर उसे “निष्प्रयोज्य” घोषित कर दिया गया था। विद्यालय प्रबंधन ने भवन का उपयोग पूरी तरह बंद कर रखा था। इसी कारण भवन का हिस्सा गिरने के बावजूद कोई छात्र या अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। भविष्य में किसी भी खतरे की आशंका को समाप्त करने के लिए दो सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापक की मौजूदगी में ग्राम प्रधान द्वारा शेष बचे जर्जर भवन को भी पूरी तरह ध्वस्त करा दिया गया। मामले की विस्तृत आख्या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है।