SIDDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली शराब की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 50वीं वाहिनी और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार की रात एक संयुक्त अभियान में 480 बोतल अवैध नेपाली शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर ढेबरुआ थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान यह सफलता मिली। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना अंतर्गत घरूआर निवासी कृष्णा पुत्र कल्लू के रूप में हुई है। वह एक प्लेटिना बाइक पर शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा था। पुलिस और एसएसबी के संयुक्त गश्ती दल ने मुखबिर की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। रात्रि करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार कृष्णा को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 240 शीशी कोलाली नेपाली शराब और 240 शीशी विदेशी (नेपाली) शराब बरामद हुई। कुल 480 बोतलों के साथ उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद ढेबरुआ थाना पुलिस को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में एसएसबी के उपनिरीक्षक अशोक कुमार और मनोज कुमार सहित अन्य जवान तथा यूपी पुलिस के उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, डीपी सिंह समेत कई आरक्षी शामिल रहे। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं।







