Home उत्तर प्रदेश भारतीय मजदूर संघ का 72वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

भारतीय मजदूर संघ का 72वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) भारतीय मजदूर संघ, जिला मीरजापुर द्वारा संघ का 72वाँ स्थापना दिवस अस्थाई जिला कार्यालय श्रीप्रकाश तिवारी  की अध्यक्षता में उनके आवास पर पर अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती, भगवान विश्वकर्मा एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात कम्युनिस्ट विचारधारा से प्रभावित संगठनों ने श्रमिकों के बीच भ्रम फैलाकर उन्हें लंबे समय तक उनके वास्तविक अधिकारों से वंचित रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई 1955 को भोपाल में स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर राव की जयंती के अवसर पर पूज्य दत्तोपंत ठेंगड़ी ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की थी। आज भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं श्रमिक हित के समन्वय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है। संघ के प्रदेश मंत्री अरूण कुमार दूबे ने अपने उद्बोधन में श्रमिकों से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं संगठन की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित एवं संस्कारित श्रमिक ही राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला हैं।कार्यक्रम का  संचालन भारतीय मजदूर संघ के जिलामंत्री चंद्रभूषण पांडेय  ने किया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रांतीय महामंत्री, भारतीय डाक कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश राजीव कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजीव द्विवेदी, आनंद कसेरा, बेचुलाल,‌ शांति तिवारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।