PRAYAGRAJ NEWS: भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय कोरांव पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी संदीप तिवारी को सौंपा।
प्रदेश उपाध्यक्ष ललन सिंह पटेल के नेतृत्व में किसानों ने सभी सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, महंगे दाम पर खाद बेचने वाले निजी विक्रेताओं पर कार्रवाई, फसल बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के साथ ही टोकन जारी करने तथा सुखड़ा नहर के टेल तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम संदीप तिवारी ने किसानों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि बुधवार को जिला कृषि अधिकारी एवं सिरसी बांध के अधिशासी अभियंता के साथ किसानों की बैठक कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।







