SIDHARTHNAGAR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ के अंतर्गत नगर पंचायत बढ़नी के वार्ड संख्या 5, 10 व 11 में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का संयोजन शासन द्वारा नामित सभासद त्रियुगी अग्रहरी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी तथा लाभार्थियों से संपर्क कर योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मंत्री सिद्धार्थ पाठक मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बीते 9 वर्षों में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष बढ़नी बाजार सुनील अग्रहरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं, जिससे गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे जनसंपर्क अभियानों से जनता और सरकार के बीच संवाद मजबूत होता है। इस अवसर पर भारत वर्मा, विजय काका, रमेश मौर्या, रामराज कनौजिया, ब्रजेश अग्रहरी (जिला मीडिया सह प्रभारी), प्रभात तिवारी,मनोज गोयल, सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







