Home उत्तर प्रदेश भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ

भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ

FATEHPUR NEWS: उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रामलीला मैदान ज्वालागंज में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काल कालका मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने पीले वस्त्र धारण कर भाग लिया। मंगल गीतों और गाजे-बाजे के साथ निकली यह यात्रा नगर का भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान ज्वालागंज स्थित कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। कथा के प्रथम दिवस पर व्यास पीठ से सुप्रसिद्ध कथावाचक चंदन कृष्ण जी महाराज ने श्रीराम कथा और सत्संग की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक कहानी नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। जो व्यक्ति भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारता है, उसके जीवन की अनेक समस्याएं स्वतः ही दूर हो जाती हैं। उन्होंने सत्संग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिना सत्संग के विवेक उत्पन्न नहीं होता और बिना भगवान की कृपा के सत्संग प्राप्त होना भी कठिन है। साथ ही कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि कथा के द्वितीय दिवस में सती के भ्रम, भगवान शिव द्वारा सती का त्याग तथा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की। कथा के दौरान प्रस्तुत मधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में मुख्य यजमान सरोज भदौरिया, आयोजन समिति के संयोजक कृष्ण कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा के समापन पर आरती की गई और सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।