मृतक लेखपाल के आश्रित को आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग
BHADOHI NEWS: हापुड़ जिले में निलंबन के बाद जहरीला पदार्थ खा लेने के कारण लेखपाल सुभाष मीणा की मौत हो गई। जिसके विरोध में भदोही तहसील में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। उनके द्वारा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 4 सूत्रीय मांगो को एडीएम को सौंपा गया।
इस दौरान संघ के अध्यक्ष बृजेश यादव ने हापुड़ डीएम पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका व्यवहार अधिनस्थ के प्रति अपमानजनक व दंडात्मक है। बिना जांच के ही झूठी शिकायत पर उत्पीड़नात्मक कारवाई के कारण तनाव में लेखपाल सुभाष मीणा की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से प्रदेश के समस्त लेखपाल आहत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि लेखपाल के मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही मृतक आश्रित की योग्यता अनुसार सरकारी सेवा में तत्काल नियुक्त की जाए। श्री यादव ने कहा कि मामले में जांच रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। वहीं समस्त अधिकारियों को अधिनस्थ के साथ मानवीय एव सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश निर्गत किए जाएं।
इस मौके पर लेखपाल संघ के मंत्री आनंद कश्यप, रिशुन कुमार, प्रशांत कुमार, विमलेश, संतोष, लवकुश, राहुल, अनिता, शैलेजा, संतोष पटेल, राहुल गौड़, अनुराग चैधरी, राहुल सिंह, मान सिंह व लवकुश त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।






