Home उत्तर प्रदेश भदोही में जनगणना की तैयारियां पूर्ण, 3229 एचएलबी बनाए गए

भदोही में जनगणना की तैयारियां पूर्ण, 3229 एचएलबी बनाए गए

BHADOHI NEWS: (नितेश श्रीवास्तव) जनपद में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 3229 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
2967 प्रगणक एवं 457 सुपरवाइजर किए गए तैनात
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में जनगणना कार्य हेतु 10 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 2967 प्रगणक तथा 457 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। सभी कर्मियों को जनगणना से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए 22 मई 2026 से 22 जून 2026 तक क्षेत्र में कार्य करने के लिए भेजा गया है। प्रगणक घर-घर जाकर मकानों के सूचीकरण का कार्य करेंगे तथा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं संकलित करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन द्वारा इस कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
समस्याओं के समाधान हेतु फील्ड एवं मास्टर ट्रेनर तैनात
जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए जनपद में 54 फील्ड ट्रेनर तथा 02 मास्टर ट्रेनर भी नियुक्त किए गए हैं। ये प्रशिक्षक फील्ड में जाकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेंगे तथा तकनीकी एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रशासन एवं प्रगणकों का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने स्व-गणना करने वाले नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे प्रगणकों को अपनी *एसईआईडी* उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि जनपद की सही एवं अद्यतन जनसंख्या संबंधी जानकारी संकलित की जा सके।