देउम पश्चिम में बाबा बूढ़ेश्वरनाथ धाम में शुरू हुई सप्त दिवसीय श्रीमदभागवत कथा में उमड़े श्रद्धालु
PRATAPGARH NEWS: देउम स्थित पौराणिक धाम बाबा बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर परिसर में बुधवार को सप्त दिवसीय श्रीमदभागवत कथा ज्ञान यज्ञ का दीप प्रज्ज्वलन से शुभारंभ हुआ। कथाव्यास आचार्य पं0 मनीषकृष्ण शास्त्री ने भगवान बांके बिहारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया। हरे कृष्ण हरे राधे जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान द्वारिकाधीश के चित्र पर पुष्पवर्षा की। कथा सुनाते हुए आचार्य पं. मनीषकृष्ण शास्त्री ने कहा कि भगवान की कथा को सुनने से जीवन का हर पल सुखमय हो जाया करता है। उन्होने कहा कि श्रीमदभागवत कथा जीवन के सदमार्ग का दिशाबोध कराया करती है। उन्होने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म की रक्षा के लिए अनीति व अत्याचार को समाप्त करने का शाश्वत संदेश प्रदान किया है। उन्होने कहा कि भगवान का स्मरण सदैव लोभ तथा कामना से मुक्त होकर करना चाहिए। उन्होने कहा कि भगवान को निर्मल मन से भजनें पर जीवन के सभी सुख फलीभूत हुआ करते हैं। कथा के दौरान भजन संकीर्तन में भी श्रद्धालुओं को मगन देखा गया। समाजसेवी अरूणेश मिश्र व रामकृष्ण मिश्र नन्हें ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। संचालन शिक्षक हृदय नारायण मिश्र एवं साहित्यकार पवन प्रखर ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर प्रधान राघवराम मिश्र, सोनू तिवारी, अखिलेश मिश्र, दिनेश सिंह आदि रहे।







