वाट बोधिमोली राज्यबंडित ट्रस्ट द्वारा प्रा.वि. मदनपुर में आयोजित कार्यक्रम
KUSHINAGAR NEWS: थाई मॉनेस्ट्री से जुड़े बौद्ध भिक्षुओं ने नगरपालिका परिषद कुशीनगर वार्ड नंबर 4 अंबेडकर नगर मदनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर में आयोजित कार्यक्रम बच्चों को शिक्षण सामग्री भेंट करते हुए उन्हें पढ़ने, लिखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण के लिए पौधे लगाने की अपील शिक्षकों और बच्चों से की।
सोमवार को विद्यालय में वाट बोधिमोली राज्यबंडित ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत नेपाल के धम्म दूत और थाई मंदिर कुशीनगर के प्रमुख डॉ पी सोम पोंग और विशिष्ट अतिथि डॉ पी सों क्रान ने बच्चों को कापी, वर्ण माला की किताब, पेन, पेंसिल, स्केल और नकद राशि भेंट करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। भारत नेपाल के धम्म दूत और थाई मंदिर कुशीनगर के प्रमुख डॉ पी सोम पोंग ने कहा कि स्कूल अनुशासन और संस्कार की पाठशाला होते हैं। जहां बच्चे पढ़ाई, लिखाई करते हैं और सफल होकर अपना और देश का जीवन सुखमय बनाते हैं। बुद्ध भगवान ने उपदेश दिया था कि अप्प दीपो भव यानी कि अपना प्रकाश खुद बनें और दुनिया को आलोकित करें। इस अवसर पर अतिथियों ने पीपल का पौधा लगाया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने भिक्षुओं और अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक रुख सार, पीएन गोंड, शिक्षा मित्र प्रभु गोंड, सभासद प्रतिनिधि मनोज कुमार, शिक्षक अमिताभ त्रिपाठी, विवेक कुमार गोंड, ओम प्रकाश कुशवाहा, अभिषेक कुमार गोंड, मनोज कुमार प्रजापति आदि सहित बच्चे उपस्थित रहे।







