नपाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, ईओ जी. लाल समेत सभासदों व पालिका अधिकारियों ने व्यक्त की शोक संवेदना
MIRZAPUR NEWS: नगर पालिका परिषद मीरजापुर की गुरुवार को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में पालिका परिवार से जुड़े तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बैठक स्थगित कर दी गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, अधिशासी अधिकारी जी. लाल, समस्त सभासदों, नामित सभासदों तथा पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया गया कि गणेशगंज वार्ड के सभासद शिव सोनी के पिता शंकर लाल सोनी, विंध्याचल वार्ड के सभासद अवनीश मिश्र के पिता शक्ति प्रसाद मिश्र उर्फ रामजी मिश्र तथा पूर्व सभासद लालचंद सोनकर का गत दिनों निधन हो गया था। उनके निधन से पालिका परिवार में शोक की लहर है। बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी जी. लाल ने शोक प्रस्ताव पढ़कर सुनाया। इसके बाद उपस्थित सभी सभासदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि पालिका परिवार से जुड़े तीन लोगों के निधन से सभी लोग दुखी हैं। इस दुखद परिस्थिति को देखते हुए बोर्ड बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान सभासदों एवं पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों ने नम आंखों से दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।







