SIDHARTHNAGAR NEWS: धनौरा बुजुर्ग गांव के पास बॉर्डर डेवलपमेंट सड़क पर स्थित पुल की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। पुल के समीप सड़क का आधा हिस्सा काफी दिनों से कटकर गिरा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। टू-लेन सड़क होने के बावजूद पुल की खराब हालत के चलते एक समय में केवल एक ही वाहन गुजर पा रहा है। ऐसे में आमने-सामने से वाहन आने पर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार लोग असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल काफी पुराना हो चुका है, इसलिए इसकी मरम्मत के बजाय नया और चौड़ा पुल बनवाना जरूरी है। इस संबंध में उजैर खान, आशाराम शर्मा, मुजम्मिल हुसैन, मोतीराम, मोहम्मद मुस्तफा, अलीमुल्लाह, प्रमोद पाण्डेय, विनोद पाण्डेय आदि लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके।







