Home उत्तर प्रदेश बैंकिंग कार्यों की समीक्षा में लापरवाही पर नाराजगी, लंबित ऋण प्रकरण शीघ्र...

बैंकिंग कार्यों की समीक्षा में लापरवाही पर नाराजगी, लंबित ऋण प्रकरण शीघ्र निस्तारण के निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: डीएलआरसी एवं डीसीसी की बैंकिंग कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लापरवाही पर नाराजगी जताई और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए तहसीलवार मेगा क्रेडिट कैंप लगाकर ऋण वितरण सुनिश्चित करें। स्वयं सहायता समूहों के कम बैंक खाते खुलने और सीसीएल की कम स्वीकृति पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर कार्य किया जाए और जिन बैंकों में सीसीएल के प्रकरण लंबित हैं, उन्हें एक माह के भीतर पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन तथा किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक परेशान न करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि सीडी रेशियो 43.47 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। लीड बैंक अधिकारी को सभी बैंकों के लिए मासिक लक्ष्य निर्धारित कर ऋण वितरण बढ़ाने को कहा गया। केसीसी एवं फसल बीमा योजना में प्रगति तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
लीड बैंक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सीसीएल लक्ष्य के सापेक्ष अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि कुछ मामले लंबित हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 99.01 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत प्रथम त्रैमास में 474.97 करोड़ रुपये स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी 2025-26 में 47,761 तथा खरीफ में 55,140 किसानों का बीमा किया गया। इसके सापेक्ष 9,960 किसानों को 3.47 करोड़ रुपये का प्रीमियम प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी ने फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिए कैंप आयोजित कर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएफएल एवं एफएलसी के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, डीसीएनआरएलएम देवनन्दन दूबे, लीड बैंक अधिकारी आरके सिन्हा, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।