JHANSI NEWS: समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय संघर्ष सेवा समिति एक बार फिर जरूरतमंद बेटी के जीवन में खुशियां बिखेरने जा रही है। समिति द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बेटी रुचिका का विवाह संपन्न होगा। विवाह के पूर्व संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी द्वारा बेटी को गृहस्थ जीवन की सुखद शुरुआत के लिए आवश्यक गृहस्थी का सामान, उपहार एवं बेटी धन प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदा किया जाएगा। बेटी रुचिका के पिता ओम प्रकाश, माता संगीता तथा दादी मुलिया की उपस्थिति में संघर्ष सेवा समिति ने विवाह की संपूर्ण तैयारियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. संदीप सरावगी के निर्देशन में विवाह से पूर्व रुचिका को कलर्स ब्यूटी पार्लर में तैयार कराया गया, ताकि वह अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर पूरे आत्मविश्वास, सम्मान और गरिमा के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर सके।इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि “बेटियां समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उनका सम्मान और उनका उज्ज्वल भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संघर्ष सेवा समिति वर्षों से इस भावना के साथ कार्य कर रही है कि आर्थिक अभाव किसी बेटी की खुशियों में बाधा न बने। हमारी कोशिश रहती है कि हर जरूरतमंद बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो और उसे गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सहयोग भी मिले। समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे मानवीय कार्यों में आगे आकर भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बेटियों के जीवन में खुशियां लाई जा सकें।” समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बेटी रुचिका के सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि संघर्ष सेवा समिति भविष्य में भी इसी प्रकार जरूरतमंद बेटियों के सम्मानजनक विवाह, सामाजिक उत्थान और मानवीय सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।







