BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) बहुती गांव में बुधवार दोपहर एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। दो बुर्काधारी युवक भीख मांगने के बहाने बिस्मिल्ला के घर में घुस गए। उन्होंने पहले महिलाओं से पांच-पांच रुपए लिए। फिर चावल की मांग की। जब घर की महिला शहनाज चावल लाने अंदर गई, तो आरोपी भी उसके पीछे घर में घुस आए। उन्होंने तमंचा और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। फिर अलमारी खुलवाकर 40 हजार रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।लूटपाट के दौरान आरोपियों ने महिला के मुंह पर नशीली दवा लगा हुआ रूमाल रख दिया। इससे महिला बेहोश हो गई। घटना के समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। कुछ लोग बच्चों को स्कूल लेने गए थे और कुछ नमाज पढ़ने गए थे।
होश आने पर महिला ने परिजनों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।







