Home उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड में स्टार्टअप्स को नई उड़ान: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में...

बुंदेलखंड में स्टार्टअप्स को नई उड़ान: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर शुरू

JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना की है। यह केंद्र मूल्य-वर्धित कृषि सेवाओं और नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बनाया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित यह इन्क्यूबेशन सेंटर कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत ‘सेक्शन 8 कंपनी’ के रूप में पंजीकृत है। इसके निदेशक मंडल में डॉ. अशोक कुमार सिंह (अध्यक्ष), डॉ. शिवपाल सिंह कुशवाह (निदेशक), डॉ. प्रशांत जाम्बुलकर (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) तथा डॉ. ओम प्रकाश सिंह,और डॉ. अतुल द्विवेदी गैर-कार्यकारी सदस्यों के रूप में शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह केंद्र नई तकनीकों के सत्यापन, विस्तार और उन्हें व्यावसायिक रूप देने में युवाओं को आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। जिन युवाओं के पास कोई अभिनव विचार या स्टार्टअप की योजना है, वे इस इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के तहत आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए इच्छुक प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में विस्तृत मूल्यांकन शामिल होगा, इसमें दस्तावेज़ों की जांच से लेकर स्क्रीनिंग समिति के समक्ष प्रस्तुति तक के चरण होंगे। आवेदकों को अपने आवेदन के साथ विस्तृत व्यवसाय योजना या कार्यकारी सारांश प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयन स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। चयनित स्टार्टअप्स को अनुभवी मेंटर्स, सफल उद्यमियों और उद्योग का मार्गदर्शन मिलेगा,
इससे वे अपने बिजनेस मॉडल और रणनीतियों को बेहतर बना सकेंगे। साथ ही नेटवर्किंग इवेंट्स, वर्कशॉप्स और इंडस्ट्री कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से साझेदारी के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है केंद्र इन्क्यूबेशन सेंटर में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए मशरूम लैब, मधुमक्खी पालन एवं प्रोसेसिंग यूनिट, बायो-कंट्रोल प्रयोगशाला, खाद्य प्रसंस्करण लैब, हाई-टेक पॉलीहाउस, नेट हाउस, फल-फूल नर्सरी, बीज केंद्र, वर्मीकम्पोस्ट यूनिट, जैविक खेती प्रणाली, एग्री-ड्रोन सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इसके अलावा को-वर्किंग स्पेस, मीटिंग रूम और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे की भी व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी और आवेदन से संबंधित विवरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।