JHANSI NEWS: जिलाधिकारी झांसी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर बबीना क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी बबीना अंतिमा, नायब तहसीलदार अजीत यादव तथा जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) रत्नेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से खैलार स्थित खैलार पब्लिक स्कूल/किड्स केयर एकेडमी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बिना मान्यता के नर्सरी से कक्षा 7 तक संचालित पाया गया। विद्यालय में लगभग 120 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत मिले। अनियमितता पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल विद्यालय को बंद कराकर सील कर दिया।
विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी गई कि भविष्य में विद्यालय संचालित पाया गया तो ₹1 लाख का अर्थदंड लगाया जाएगा तथा प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं। साथ ही खैलार के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को संबंधित अभिभावकों से संपर्क कर सभी बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अभिभावकों की सुविधा के लिए सहायता एवं जानकारी हेतु 9554588609 तथा 9453004097 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।







