Home उत्तर प्रदेश बावन इमली में शहीदों को नमन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित हुए...

बावन इमली में शहीदों को नमन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित हुए सम्मानित

हर घर तिरंगा-2026’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को किया गया याद
FATEHPUR NEWS: ‘हर घर तिरंगा-2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को बिंदकी तहसील क्षेत्र के ऐतिहासिक बावन इमली स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के संबंध में चर्चा एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बावन शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद बिंदकी की अध्यक्ष राधा साहू, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र गौतम, रमाकांत तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने बावन इमली में शहीद हुए बावन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में सेनानियों द्वारा किए गए त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया। बावन इमली की ऐतिहासिक घटना और यहां शहीद हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिथियों ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों ने देश और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और आदर्श आज भी समाज को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम और उत्साह का भाव पैदा किया। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों के आदर्शों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बिंदकी निशांत तिवारी, खंड विकास अधिकारी खजुहा कोमल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बिंदकी चंद्रभूषण पांडेय, तहसीलदार अचलेश सिंह, नायब तहसीलदार रचना यादव, खंड शिक्षा अधिकारी पवन द्विवेदी सहित विकासखंड के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बिंदकी चन्द्र कृष्ण पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।